Menu
blogid : 4920 postid : 685891

सपा उठाएगी राहुल गांधी बनाम कुमार विश्वास की जंग का लाभ ?

जागरण जंक्शन फोरम
जागरण जंक्शन फोरम
  • 157 Posts
  • 2979 Comments

बदले हालात में भ्रष्टाचार और महंगाई से त्रस्त भारत की जनता के बीच आम आदमी पार्टी को एक मसीहा के तौर पर देखा जा रहा है। देश की राजधानी में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद यह कहना भी गलत नहीं है कि आगामी लोकसभा चुनावों में भी ‘आप’ देश की दो बड़ी राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टियों कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी को चुनौती देने का माद्दा रखती है, जिसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश की सियासत से हो चुकी है। कांग्रेस के विरोध में चल रही बयार का फायदा उठाते हुए और राष्ट्रीय राजनीति में आगाज करते हुए ‘आप’ ने अमेठी से कुमार विश्वास को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी कर ली है। उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ते और जीतते आए हैं लेकिन इस बार उनके विरोध में कुमार विश्वास को खड़ा कर ‘आप’ एक बड़ा कदम उठाने जा रही है जो निश्चित रूप से कांग्रेस की साख को प्रभावित करेगा क्योंकि अगर आगामी चुनावों में राहुल गांधी की हार होती है तो जाहिर तौर पर यह सिर्फ एक प्रत्याशी की नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी की हार होगी। यह उनके मनोबल को तो प्रभावित करेगा ही और साथ ही साथ कांग्रेस की साख भी इससे अछूती नहीं रहेगी। ऐसे हालातों का फायदा सपा को मिल सकता है या फिर कांग्रेस को ‘आप’ की इस बढ़ती लोकप्रियता से कोई नुकसान नहीं है यह बात एक बहस का विषय बन गई है।


बहुत से राजनीतिक विश्लेषकों का यह मानना है कि जो कांग्रेस सीबीआई का डर दिखाकर अभी तक मुलायम सिंह यादव को अपने इशारों पर नचाती आई है अब उत्तर प्रदेश में अपनी साख और राहुल के कद को बचाने के लिए सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की मुट्ठी में कैद हो गई है। उत्तर प्रदेश में कुमार विश्वास के काफिले पर हुए हमले के बाद यह बात साबित भी हो गई है विरोधी पार्टियों को कुमार विश्वास की जीत का डर सताने लगा है और कांग़्रेस के इस डर का फायदा मुलायम सिंह यादव अपने हित साधने के लिए उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इस वर्ग में शामिल राजनीति के जानकारों का यह स्पष्ट कहना है कि जाहिर तौर पर मुलायम सिंह यादव यह चाहेंगे कि कुमार विश्वास अमेठी से राहुल गांधी के विरुद्ध चुनाव लड़ें ताकि अपनी जीत निश्चित करने के लिए कांग्रेस, मुलायम सिंह यादव से सहायता मांगे और सहायता देने के एवज में मुलायम सिंह यादव मनचाहे तरीके से कांग्रेस से अपना फायदा निकलवाकर आगामी लोकसभा चुनावों में अपनी पार्टी को केन्द्र में बड़े लाभ दिलवाने में कामयाब हो जाएं। मुलायम सिंह यादव यह बात बहुत अच्छी तरह समझते हैं कि अब उत्तर प्रदेश में जमे रहने के लिए कांग्रेस को सपा के समक्ष घुटने टेकने ही पड़ेंगे।


वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी और कांग्रेस की साख पर मंडरा रहे किसी भी खतरे की आशंका को नकारते हुए राजनीति के कई जानकारों का मत है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली जैसे नगरीय प्रदेश में अपनी पहचान स्थापित करने में जरूर कामयाब हुई है लेकिन उत्तर प्रदेश के गांव-देहातों में अभी भी ‘आप’ के चुनावी चिह्न तक को कोई नहीं जानता बल्कि उत्तर प्रदेश, विशेषकर रायबरेली और अमेठी जैसे क्षेत्रों में तो जनता सिर्फ पंजे के निशान को ही पहचानती है। गांधी परिवार की धाक वहां इस कदर देखी जा सकती है कि राहुल या सोनिया गांधी क्या, अगर गांधी उपनाम से कोई अपरिपक्व राजनीतिज्ञ भी चुनावी मैदान में उतरेगा तो भी जनता उसी को वोट देगी। ऐसे हालातों में ‘आप’ की वजह से कांग्रेस की साख पर संकट या सपा द्वारा कांग्रेस का फायदा उठाने जैसी बातें बड़ी ही बचकानी लगती हैं।


उपरोक्त मुद्दे के दोनों पक्षों पर गौर करने के बाद निम्नलिखित प्रश्न हमारे सामने आते हैं जिनका जवाब ढूंढ़ना नितांत आवश्यक है, जैसे:


1. क्या वाकई ‘आप’ के भय से कांग्रेस को सपा के इशारों पर नाचने के लिए तैयार रहना पड़ेगा?

2. दिल्ली में जो कमाल अरविंद केजरीवाल ने दिखाया क्या उसी कमाल की उम्मीद उत्तर प्रदेश की सियासत में करना सही है?

3. क्या राहुल की साख को बचाए रखने के लिए कांग्रेस कुछ भी कर गुजरने के लिए तैयार होगी?

4. कांग्रेस का उसी के गढ़ में हार जैसी बात की कल्पना करना कितना सही है?


जागरण जंक्शन इस बार के फोरम में अपने पाठकों से इस बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दे पर विचार रखे जाने की अपेक्षा करता है। इस बार का मुद्दा है:


सपा उठाएगी राहुल गांधी बनाम कुमार विश्वास की जंग का लाभ ?


आप उपरोक्त मुद्दे पर अपने विचार स्वतंत्र ब्लॉग या टिप्पणी लिख कर जाहिर कर सकते हैं।


नोट: 1. यदि आप उपरोक्त मुद्दे पर अपना ब्लॉग लिख रहे हैं तो कृपया शीर्षक में अंग्रेजी में “Jagran Junction Forum” अवश्य लिखें। उदाहरण के तौर पर यदि आपका शीर्षक ‘आप का भय’  है तो इसे प्रकाशित करने के पूर्व आप का भय – Jagran Junction Forum लिख कर जारी कर सकते हैं।


2. पाठकों की सुविधा के लिए Junction Forum नामक कैटगरी भी सृजित की गई है। आप प्रकाशित करने के पूर्व इस कैटगरी का भी चयन कर सकते हैं।


धन्यवाद

जागरण जंक्शन परिवार

Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply to R P PandeyCancel reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    CAPTCHA
    Refresh